मुरादाबाद। संस्कृति और कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को संवेदनशील बनाने और समाज को मानसिक रूप से स्वस्थ व एकजुट रखने की सबसे मजबूत कड़ी हैं। यह बात डीएमआर हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. मंजेश राठी ने रविवार को चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में आयोजित ‘श्री सत्य सनातन चित्रकला प्रदर्शनी एवं सम्मान समारोह’ के उद्घाटन अवसर पर कही।
नवसृजन आर्ट्स एकेडमी, मुरादाबाद द्वारा आयोजित इस समारोह के संयोजक डॉ. नवनीत गोस्वामी रहे। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. मंजेश राठी ने दीप प्रज्वलन कर प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी में सजी भारतीय सनातन संस्कृति, परंपराओं और बौद्धिक संपदा को दर्शाती कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा युवा चित्रकारों की प्रतिभा की सराहना की।
चिकित्सा सेवा के साथ-साथ समाज के उत्थान, जन-जागरूकता और सांस्कृतिक संवर्धन में सक्रिय योगदान के लिए संस्था की ओर से डॉ. राठी को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. राठी ने कहा, “एक चिकित्सक के रूप में मैं रोज देखता हूं कि तनाव और भागदौड़ भरी जिंदगी में व्यक्ति भीतर से टूट रहा है।
कला और संस्कृति मन को शांति देती हैं तथा सामाजिक समरसता बढ़ाती हैं। जब हमारे युवा अपनी गौरवशाली सनातन परंपराओं और कला से जुड़ते हैं, तो न केवल स्वस्थ समाज का निर्माण होता है, बल्कि उनकी सोच भी सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती है।”कार्यक्रम में शिक्षा, कला, साहित्य, संगीत और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ साहित्यकार, चित्रकार, प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: Deep chandra Joshi
News







