मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मातृशोक 91 वर्ष की आयु में माता सावित्री देवी का निधन, पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस

मुरादाबाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर शुक्रवार को गहरा मातृशोक छा गया। उनकी माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार और जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने निधन की पुष्टि की है। परिवार के सदस्यों और पुलिस के अनुसार माता जी लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं। शुक्रवार सुबह सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर डॉक्टर को घर बुलाया गया था, लेकिन वे पैतृक आवास पर ही दम तोड़ गईं। भाई महेंद्र सिंह ने भी निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी मृत्यु लगभग 11:50 बजे हुई।

सावित्री देवी लंबे समय से पंचूर गांव में ही रह रही थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूरा परिवार इसी गांव से जुड़ा है। योगी आदित्यनाथ चार भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर के हैं। उनके पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे, जिनका 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था।

निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार को सांत्वना संदेश दिए हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन का सबसे अनमोल खजाना होता है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को बाबा केदारनाथ के चरणों में स्थान और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन परिवार के संपर्क में है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।
इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदनाएं।

Deep chandra Joshi
Author: Deep chandra Joshi

News

ताजा खबरें