मुरादाबाद जूनियर IAS को सीनियर का बॉस बना दिया! नियुक्ति विभाग की पोस्टिंग पर सवाल।

उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। नियुक्ति विभाग की हालिया पोस्टिंग ने पूरे प्रशासनिक महकमे में चर्चा का तूफान ला दिया है। मामला मुरादाबाद नगर निगम का है, जहां 2016 बैच की सीनियर IAS अधिकारी को 2018 बैच के जूनियर अधिकारी के अधीन काम करना पड़ रहा है। मुरादाबाद के नगर आयुक्त IAS हिमांशु कौशिक 2018 बैच के अधिकारी हैं। हालिया प्रशासनिक फेरबदल में आगरा मंडल की अपर आयुक्त IAS मंजुलता (2016 बैच) को मुरादाबाद नगर निगम की अपर नगर आयुक्त बनाकर भेजा गया है। यानी दो बैच सीनियर मंजुलता को अब जूनियर अधिकारी हिमांशु कौशिक को रिपोर्ट करना होगा।

ब्यूरोक्रेसी के अंदर ही अफसर इस फैसले पर सवाल उठा रहे हैं—
“जूनियर IAS बॉस को सीनियर IAS कैसे रिपोर्ट करेगा?” ये सिर्फ पोस्टिंग का मामला नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और बैच सीनियॉरिटी की परंपरा पर भी सवाल है। आमतौर पर IAS कैडर में बैच की वरिष्ठता को ध्यान में रखा जाता है, लेकिन मुरादाबाद की इस नियुक्ति ने पुरानी परंपरा को चुनौती दे दी है।

नौकरशाही के कई अफसरों का कहना है कि ऐसे फैसले से न सिर्फ अधिकारियों के बीच असहजता पैदा होती है, बल्कि कामकाज की सहजता भी प्रभावित हो सकती है। जूनियर अधिकारी को सीनियर से काम करवाना और सीनियर को जूनियर के अधीन रहना—दोनों ही पक्षों के लिए चुनौती भरा है।
मुरादाबाद नगर निगम पहले से ही विकास कार्यों, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के मामले में चर्चा में रहता है। अब इस नए समीकरण ने प्रशासनिक हलकों में और चर्चा बढ़ा दी है।

नियुक्ति विभाग के इस फैसले पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पोस्टिंग करते समय बैच सीनियॉरिटी और व्यावहारिक पहलू पर पर्याप्त ध्यान दिया गया? या फिर सिर्फ पद भरने की मजबूरी में ये व्यवस्था बनाई गई?
अभी तक शासन की ओर से इस पोस्टिंग पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। लेकिन मुरादाबाद की इस घटना ने पूरे प्रदेश की नौकरशाही में चर्चा का नया विषय जरूर पैदा कर दिया है।

IAS मंजुलता — 2016 बैच (सीनियर)
IAS हिमांशु कौशिक — 2018 बैच (जूनियर बॉस)
क्या ये सिर्फ एक अपवाद है या आगे और ऐसे फैसले देखने को मिलेंगे? इस पर नजरें टिकी हुई हैं।

Deep chandra Joshi
Author: Deep chandra Joshi

News

ताजा खबरें