मुरादाबाद। लाइनपार क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत हो रहे निर्माण में घटिया ईंटों के इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगा है। भगवान परशुराम संघर्ष समिति के अध्यक्ष रजत शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की पोल खोल दी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए बन रही सड़क में गुणवत्ता के मानकों की खुली अनदेखी हो रही है।
सीएम ग्रिड योजना को नगर विधायक रितेश गुप्ता और महापौर विनोद अग्रवाल अपनी खास विकास योजना बताते रहे हैं। शहर की सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का दावा करने वाली इस योजना में घटिया सामग्री का आरोप लगना विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
रजत शर्मा ने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करते हुए इस्तेमाल की जा रही ईंटों को बेहद खराब क्वालिटी का बताया। उनका कहना है कि अगर ऐसे ही मानकों की अनदेखी जारी रही तो सड़क की मजबूती और उम्र दोनों प्रभावित होंगी। इसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ेगा।
इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में रजत शर्मा मौके पर मौजूद होकर ईंटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते दिख रहे हैं। उन्होंने पहले भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन उनके अनुसार अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के बाद भी वही घटिया ईंटें इस्तेमाल की जा रही हैं।
समिति के उपाध्यक्ष विष्णु शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। दोनों ने मांग की कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। रजत शर्मा ने नगर विधायक रितेश गुप्ता और महापौर विनोद अग्रवाल का भी ध्यान इस ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि जब योजना को शहर के विकास की महत्वपूर्ण योजना बताया जा रहा है तो उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है।
मांगे:
Author: Deep chandra Joshi
News







