सपा का बड़ा दांव: मुरादाबाद नगर में मुस्लिम प्रत्याशी छोड़ हिंदू युवा ठाकुर राहुल सिंह पर नजर, क्या बनेगा गेम चेंजर?

विधानसभा चुनाव की रणभेरी अब जोर-शोर से बज चुकी है। तमाम पार्टियां अपनी बिसात बिछा रही हैं, उम्मीदवारों की लिस्ट बना रही हैं और वोटों के गणित में उलझी हुई हैं। लेकिन मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट पर अगर किसी एक पार्टी ने इस बार सबसे ज्यादा दिलचस्पी और रणनीतिक बदलाव का संकेत दिया है, तो वह है समाजवादी पार्टी।

लोकसभा चुनाव में हिंदू प्रत्याशी रुचिवीरा की बंपर सफलता ने सपा की रणनीति को नई दिशा दी है। पार्टी अब इस बात को अच्छी तरह समझ चुकी है कि सिर्फ पारंपरिक वोट बैंक पर निर्भर रहकर नगर सीट पर जीत हासिल करना मुश्किल है। पिछले दो विधानसभा चुनावों में मुस्लिम प्रत्याशी उतारने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। नतीजा यह निकला कि सपा अब नगर विधानसभा से हिंदू युवा चेहरे को उतारने का मन पूरी तरह बना चुकी है।

इस सूची में सबसे आगे नाम चल रहा है ठाकुर राहुल सिंह का। युवा नेता, जिन्होंने अपनी राजनीतिक शुरुआत से ही समाजवादी पार्टी का दामन थामा और विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी के लिए संघर्ष किया। वफादारी का इनाम अब मिलने वाला लगता है। राहुल सिंह महाराणा प्रताप जयंती पर भारी भीड़ जुटाकर अपनी ताकत और जनाधार का प्रदर्शन पहले ही कर चुके हैं। युवा दिलों पर राज करने वाले इस नेता के अखिलेश यादव और से करीबी संबंध भी जगजाहिर हैं।

नगर विधानसभा का वोट समीकरण भी इस प्रयोग के पक्ष में जाता दिख रहा है। यहां सवर्ण वोटों की अच्छी-खासी तादाद है, जिसमें अकेले ब्राह्मण वोट करीब 70 हजार बताए जाते हैं। साथ ही सपा का पारंपरिक मुस्लिम वोट बैंक भी इस सीट पर निर्णायक भूमिका निभाता रहा है। अगर सवर्ण और मुस्लिम वोट एक साथ खड़े हो जाएं, तो सपा की जीत लगभग पक्की मानी जा सकती है।

रुचिवीरा के सफल प्रयोग के बाद अब अगर पार्टी ठाकुर राहुल सिंह पर दांव खेलती है, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी। यह सिर्फ उम्मीदवार बदलाव नहीं, बल्कि सपा की रणनीति में एक बड़ा शिफ्ट हो सकता है—जहां पारंपरिक समीकरणों को तोड़कर नए गठजोड़ और युवा हिंदू चेहरे के जरिए नगर सीट को फिर से अपने पाले में लाने की कोशिश की जा रही है।

मुरादाबाद नगर अब सिर्फ एक विधानसभा सीट नहीं, बल्कि सपा की नई सोच का टेस्टिंग ग्राउंड बनने जा रहा है।

Deep chandra Joshi
Author: Deep chandra Joshi

News

ताजा खबरें