कटघर में सूदखोरों का आतंक: ब्राह्मण दंपत्ति का जीना हराम, लाखों ब्याज चुकाने के बावजूद मकान छीनने की दबंगई, पुलिस-प्रशासन की नींद नहीं टूट रही!

मुरादाबाद के कटघर इलाके में सूदखोरों का खौफनाक राज चल रहा है। एक निर्दोष ब्राह्मण दंपत्ति सूदखोरों के चंगुल में बुरी तरह फंस गया है। लाखों रुपये ब्याज चुकाने के बाद भी इन दबंग सूदखोरों का उत्पीड़न थमने का नाम नहीं ले रहा। पीड़ित परिवार अब थाने से लेकर बड़े-बड़े अधिकारियों की चौखट पर गुहार लगा रहा है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही।

कटघर थाना क्षेत्र के डिप्टी साहब के मंदिर के पास रहने वाले शैलेश शर्मा और उनकी पत्नी संगीता शर्मा इस वक्त सूदखोरों की दबंगई का शिकार बने हुए हैं। सूदखोरों ने मकान के एग्रीमेंट के नाम पर इनके साथ धोखाधड़ी की। पहले तो भारी ब्याज लेकर लाखों रुपये वसूल लिए, अब उसी एग्रीमेंट के बहाने पूरे मकान पर कब्जा करने की कोशिश में लगे हैं। पीड़ित दंपत्ति बार-बार कह रहा है कि ब्याज तो दे दिया गया, लेकिन सूदखोर अब भी रोजाना धमकियां दे रहे हैं, घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे हैं और परिवार का जीवन नरक बना दिया है।

कटघर पुलिस पर भी भारी पड़ रहे हैं ये सूदखोर। थाने में लिखित शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। सूदखोर और उनके दबंग साथी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित ब्राह्मण परिवार को लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दे रहे हैं। इलाके में इनका ऐसा आतंक है कि आम लोग भी इनसे डरकर चुप्पी साधे हुए हैं।

शैलेश शर्मा और संगीता शर्मा ने अब नीचे से लेकर ऊपर तक सभी अधिकारियों के दफ्तरों में गुहार लगाई है। थानेदार साहब से लेकर एसपी और बड़े अफसरों तक शिकायत पहुंचाई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूदखोरों की दबंगई और पैसों की ताकत के आगे कटघर पुलिस पूरी तरह लाचार नजर आ रही है।

अब सवाल ये है कि कटघर पुलिस और प्रशासन कब तक इन दबंग सूदखोरों को संरक्षण देता रहेगा? क्या ब्राह्मण परिवार की इस पुकार को कोई सुनने वाला नहीं? पीड़ित दंपत्ति की अपील है कि उच्चाधिकारी तुरंत संज्ञान लें और इन सूदखोरों पर सख्त कार्रवाई करें, वरना निर्दोष परिवार सड़क पर आ जाएगा।

Deep chandra Joshi
Author: Deep chandra Joshi

News

ताजा खबरें

अन्य खबर