सोमवार सुबह मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र स्थित प्रभात मार्केट मंजू नगर में एक पीतल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। फैक्ट्री से उठती आग की लपटें और धुएं का घना गुबार देख आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची
फैक्ट्री से अचानक आग की लपटें उठने लगीं और चंद मिनटों में ही पूरा परिसर धुएं से भर गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। आग पर काबू पाने के लिए 10 से ज्यादा फायर फाइटर्स लगातार मशक्कत कर रहे हैं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट को बताया है। प्रभात मार्केट की घनी आबादी और तंग गलियों के चलते दमकल कर्मियों को आग बुझाने में दिक्कतें भी आ रही हैं, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
लाखों का माल जलकर राख
बताया गया है कि जिस फैक्ट्री में आग लगी, वह मंगला हैंडीक्राफ्ट नाम से चलती है और इसके मालिक राकेश कुमार हैं। फैक्ट्री में पीतल के सजावटी सामान बनाए जाते हैं। फिलहाल किसी केहताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
Author: Deep chandra Joshi
News











