पाकबड़ा थाना क्षेत्र के सुपरटेक सोसाइटी के बाहर एक डॉक्टर के चालक को गोली मारकर लहूलुहान कर दिया गया। गोली चालक के पेट और दाहिने हाथ में लगी है। गोली मारने के बाद आरोपी ने तमंचे की बट से उसके सिर पर हमला किया है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन हमलावर तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार 15 दिन पहले डॉक्टर के ड्राइवर अजीत और हमलावर पवन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, इसी के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।
नया मुरादाबाद के माता वाली मिलक निवासी अजीत सिंह पाकबड़ा निवासी डॉक्टर शमशाद की गाड़ी चलाता है, देर शाम ड्राइवर सुपरटेक समिति के बाहर लगे ठेले से चाऊमीन लेने गया था, तभी वहां माता वाली मिलक निवासी पवन सिंह वहां पहुंच गया और दोनों के बीच बहस भी हुई,इसके बाद पवन ने तमंचा निकालकर अजीत को गोली मार दी। घायल अवस्था में अजीत पाकबड़ा थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से डॉक्टर ने घायल अजीत को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया की घायल अजीत की तहरीर पर आरोपी पवन, सुमित, चमन और अनिल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Author: Deep chandra Joshi
News











