मुरादाबाद। बिलारी विधानसभा सीट पर सपा से टिकट के प्रबल दावेदार किसान नेता शुभम राठी ने स्थानीय सपा विधायक मोहम्मद फहीम पर जोरदार हमला बोला है। शुभम राठी ने आरोप लगाया है कि विधायक फहीम उनके समर्थकों को खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में पोस्ट किए गए मैसेज जबरन हटवा रहे हैं।
शुभम राठी ने एक वीडियो जारी कर यह पूरा मामला सार्वजनिक किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राठी ने कहा, “बिलारी की जनता का जो प्यार और समर्थन मुझे मिल रहा है, उससे विधायक मोहम्मद फहीम और उनके समर्थकों की नींद उड़ गई है।”
राठी का बड़ा आरोप
किसान नेता ने विधायक पर यह भी गंभीर आरोप लगाया कि उनके पूरे कार्यकाल में बिलारी की जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और इसी बदलाव की लहर को देखकर फहीम घबरा गए हैं।
टिकट दावेदारी और अखिलेश से मुलाकात
शुभम राठी इन दिनों बिलारी विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। वे क्षेत्र की जनता से लगातार संपर्क में हैं और उन्हें भारी समर्थन प्राप्त हो रहा है। कुछ दिन पहले वे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मिल चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, बिलारी सीट पर शुभम राठी टिकट के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
राजनीतिक पारा चढ़ा
शुभम राठी के वायरल वीडियो के बाद बिलारी का पूरा राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सपा के अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। राठी के समर्थक दबाव और धमकियों के खिलाफ एकजुट होने की बात कर रहे हैं। शुभम राठी लगातार कह रहे हैं कि वे बिलारी की जनता की आवाज बनकर लड़ाई लड़ेंगे और विकास के मुद्दों को आगे बढ़ाएंगे। अभी देखना यह है कि सपा पार्टी इस विवाद पर क्या रुख अपनाती है और आखिरकार बिलारी सीट का टिकट किसे मिलता है।
Author: Deep chandra Joshi
News










