रात के सन्नाटे और अंधेरे का फायदा उठाते हुए जिले की खेती की उपजाऊ जमीनों पर बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी और रेत का भराव किया जा रहा है। मात्र एक डंपर की इजाजत के नाम पर दर्जन भर डंपर लगातार सक्रिय हैं और रात के अंधेरे में खेतों को तबाह कर रहे हैं। जिला प्रशासन पहले ही स्पष्ट रूप से रात के समय किसी भी तरह के खनन और मिट्टी-रेत परिवहन को अवैध घोषित कर चुका है। फिर भी इस अवैध कारोबार को खुलेआम अंजाम दिया जा रहा है।
इससे न सिर्फ सरकारी खजाने की रॉयल्टी की जमकर चोरी हो रही है, बल्कि किसानों की उपजाऊ भूमि भी बर्बाद हो रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे अवैध धंधे को बजरंग दल के एक चर्चित नेता का प्रत्यक्ष संरक्षण प्राप्त है। सूत्रों के अनुसार, नेता अपनी गाड़ी और लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर इस अवैध भराव का पूरा पहरा दे रहे हैं। यह कोई पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी सदर एसडीएम ने इसी बजरंग दल नेता के अवैध खनन का मामला पकड़ा था। उस समय नेता ने जंगलों के रास्ते से अपने अवैध डंपर निकालने के लिए बाकायदा एक अवैध पुल का निर्माण करवा लिया था। तत्कालीन एसडीएम सदर को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत इस अवैध पुल को ध्वस्त कर दिया था।
लेकिन अब एक बार फिर वही नेताजी सक्रिय हो गए हैं। इस बार उन्होंने खेती की जमीनों पर अवैध मिट्टी और रेत भराव का ठेका ही ले लिया है। रात के अंधेरे में लगातार डंपर आ-जा रहे हैं और खेतों को मिट्टी से पट्टा जा रहा है। स्थानीय किसान इस पूरे मामले से बेहद आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि अगर प्रशासन तुरंत कार्रवाई नहीं करता तो उनकी उपजाऊ जमीनें हमेशा के लिए बर्बाद हो जाएंगी। सवाल अब यह है कि जिला प्रशासन और पुलिस इस खुलेआम अवैध माफिया पर कब लगाम लगाएगी? क्या बजरंग दल के नाम का सहारा लेकर अवैध खनन और मिट्टी लूट का खेल अनियंत्रित रूप से चलता रहेगा?
Author: Deep chandra Joshi
News










